बिजनौर में एसपी ने साइकिल से किया 45 किमी कांवड़ मार्ग का निरीक्षण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
बिजनौर। जनपद बिजनौर में पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी नगर के साथ साइकिल से लगभग 45 किलोमीटर कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित थाना प्रभारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस बल को सतर्क रहते हुए श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के समय सभी स्थानों पर कांवड़िए शांतिपूर्वक एवं सकुशल अपनी-अपनी कांवड़ लेकर गंतव्य की ओर प्रस्थान करते दिखाई दिए। मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा विधिवत जलाभिषेक किया जा रहा है।
जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है तथा यातायात व्यवस्था भी सुचारू और शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।।

