खटीमा में अधिवक्ताओं के लिए नव निर्मित चैम्बर का लोकार्पण, 2.50 करोड़ के नए चैंबर की घोषणा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी ने एक करोड़ रुपये की लागत से खटीमा सिविल न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं हेतु निर्मित नए चैम्बर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व और नए चैम्बर के निर्माण की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह चैम्बर न्यायिक विमर्श और विधि अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे न्यायिक कार्य अधिक सरल और त्वरित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुराने और अप्रासंगिक कानूनों को समाप्त कर वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता 2023 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 लागू की गई हैं, जिससे न्यायिक प्रणाली और अधिक सुदृढ़ हुई है।
उन्होंने ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड, फास्ट ट्रैक एवं स्पेशल कोर्ट, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, ऑनलाइन सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से न्याय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और वैज्ञानिक बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद देशभर में लगभग 7 हजार से अधिक न्यायालय भवनों और 11 हजार आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी न्याय व्यवस्था के आधुनिकीकरण और विधि शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा खटीमा का सर्वांगीण विकास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए 20 नए चैंबर निर्माण हेतु 2 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला जज सिकंद कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिला जज मंजू सिंह मुंडे, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूरज प्रकाश राणा, सचिव भरत पांडे, अधिवक्ता गोपाल सिंह बिष्ट, के.डी. भट्ट सहित अनेक अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।

