सरस आजीविका मेला 2026: रुद्रपुर में कृषक गोष्ठी व सांस्कृतिक संध्या से सशक्त हुआ ग्रामीण विकास
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला प्रशासन ऊधम सिंह नगर द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 के द्वितीय दिवस पर कृषि एवं पशुपालन उत्सव के अंतर्गत किसानों और कृषि विशेषज्ञों के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रीष्मकालीन धान के विकल्प के रूप में मक्का एवं अन्य वैकल्पिक फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई। गोष्ठी में लगभग 120 कृषकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर. पी. सिंह ने किसानों को ग्रीष्मकालीन मक्का एवं गन्ना फसल उत्पादन से संबंधित उन्नत तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं बेहतर उत्पादन के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जलवायु के अनुरूप फसल विविधीकरण अपनाने तथा वैज्ञानिक खेती के माध्यम से आय में वृद्धि पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विकास खण्ड जसपुर के 17, काशीपुर के 5, बाजपुर के 19, गदरपुर के 12, रुद्रपुर के 53, सितारगंज के 8 तथा खटीमा के 7 कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। इससे किसानों को आधुनिक संसाधन एवं तकनीकी सहयोग प्राप्त होगा, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में सकारात्मक वृद्धि की संभावना है।
सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत आयोजित बॉलीवुड नाइट ने मेले में उत्साह का माहौल बना दिया। हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा की व्यंग्यपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया इससे पूर्व फूलों की होली के आकर्षक आयोजन ने कार्यक्रम में पारंपरिक रंग भरे। इसके बाद उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार संकल्प खेतवाल की प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
यह मेला ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण के साथ-साथ कृषि, पशुपालन और उद्यमिता के क्षेत्र में नवाचार एवं ज्ञान आदान-प्रदान का प्रभावी मंच सिद्ध हो रहा है। आयोजन स्थानीय किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित कर रहा है।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी के एस रावत, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।।

