कुरुक्षेत्र में आयोजित हुए 6वां ‘नेशनल योगासन जज ट्रेनिंग प्रोग्राम’ में उत्तराखंड राज्य के पांच योग जजों ने उत्तीर्ण की परीक्षा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। ऊधम सिंह नगर। दिनांक 8 से 12 फरवरी 2026 तक गीता ज्ञान संस्थानम, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में योगासन भारत के तत्वावधान में आयोजित 6वां राष्ट्रीय योगासन निर्णायक प्रशिक्षण कार्यक्रम (लेवल कोर्स) 2025-26 में उत्तराखंड राज्य के पांच प्रशिक्षकों ने योगासन जज परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
जानकारी देते हुए योग प्रशिक्षिका मंजू राणा ने बताया कि भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त तथा वर्ल्ड योगासन से संबद्ध योगासन भारत की ओर से हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय ‘नेशनल योगासन जज ट्रेनिंग प्रोग्राम’ का सफलतापूर्वक एवं भव्य समापन हुआ। व 8 से 12 फरवरी 2026 तक चले इस सघन प्रशिक्षण शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने योगासन खेल के वैश्विक मानकों, स्कोरिंग पैटर्न एवं प्रतियोगिता संचालन से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक, तकनीकी नियमों एवं निर्णायक की बारीकियों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से देश को 157 नए प्रशिक्षित एवं प्रमाणित तकनीकी जज प्राप्त हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन एवं वर्ल्ड योगासन तथा योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा, “माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से योगासन आज एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित हो चुका है। योगासन भारत का उद्देश्य ऐसे निर्णायक तैयार करना है जो निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें। किसी भी खेल में निष्पक्षता ही उसकी आत्मा होती है।”
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर की योग प्रशिक्षिका मंजू राणा ने लेवल -2 जज, एवं राधा देवी (देहरादून), गायत्री (हरिद्वार), अमितेश और श्वेता पुनेठा (अल्मोड़ा) ने लेवल-1 योग जज परीक्षा उत्तीर्ण की।
इस अवसर पर उत्तराखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव रणजीत सिंह, योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य, योग ऋषि स्वामी रामदेव, जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव ऋषि पाल भारती सहित अनेकों लोगों ने शुभकामनाएं प्रेषित कर बधाई।।

