रुद्रपुर में ‘इंदिरा चौक’ बना ‘त्रिशूल चौक’, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। शहर के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक चौराहों में शामिल इंदिरा चौक का शनिवार को विधिवत नामकरण कर उसे ‘त्रिशूल चौक’ के रूप में नई पहचान दी गई प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच भगवान शिव के प्रतीक विशाल त्रिशूल का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर पूरा क्षेत्र फूलों से सजा नजर आया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह त्रिशूल देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक आस्था और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस चौक के कायाकल्प से न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि हुई है, बल्कि यह आने-जाने वाले लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा का भी अनुभव कराएगा।
नगर के मध्य स्थापित यह भव्य त्रिशूल आधुनिक तकनीक और पारंपरिक आस्था के समन्वय का उदाहरण है। लगभग 3.5 टन वजनी इस त्रिशूल का आकार 14×10 फीट है। इसे एफआरपी (फाइबर रिइन्फोर्स्ड प्लास्टिक) से तैयार किया गया है, जो मौसम के प्रभावों के प्रति अत्यंत प्रतिरोधी माना जाता है। इसकी मजबूती सुनिश्चित करने के लिए विशेष कंक्रीट बेस का निर्माण किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य त्रिशूल के निर्माण पर लगभग 10.56 लाख रुपये व्यय हुए, जबकि सिविल कार्य और सौंदर्यीकरण सहित पूरी परियोजना पर करीब 28 से 30 लाख रुपये की लागत आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ‘त्रिशूल चौक’ शहर की नई पहचान बनेगा और रुद्रपुर को सांस्कृतिक दृष्टि से नई दिशा देगा। प्रशासन और नगर निगम के प्रयासों से हुए इस बदलाव को लेकर नागरिकों में उत्साह और गर्व का माहौल है।।

