ऊधम सिंह नगर

वार्ड 25 में समस्याओं का अम्बार भाजपा पार्षद सुशील यादव पांच साल में पूरे नहीं कर पाये वायदे वार्ड में मूल सुविधाओं का भी टोटा अगले चुनाव में भाजपा को भुगतना पड़ेगा खामियाजा

सौरभ गंगवार 

रूद्रपुर। नगर निगम के अंतर्गत वार्ड नंबर 25 प्रीत विहार क्षेत्र विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। वार्ड की स्थिति इतनी खराब है कि यहा मूलभूत सुविधाओं का भी टोटा है, भीषण गंदगी से बीमारियां फैलने का भय बना हुआ है। पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले भाजपा के पार्षद सुशील यादव नीटू विकास के नये काम कराना तो दूर जनता से किये गये वायदों को भी पूरा करने में नाकाम साबित हुए हैं जिसके चलते वार्डवासियों में पार्षद के खिलाफ रोष है, इसका खामियाजा भाजपा को आगामी निकाय चुनाव में भुगतना पड़ सकता है। 

वार्ड नंबर 25 में प्रीत विहार और फाजलपुर महरौला का क्षेत्र आता है। पिछले निकाय चुनाव में यहां पर भाजपा के प्रत्याशी सुशील यादव नीटू ने जीत हासिल की थी। भाजपा पार्षद पर पांच साल तक सत्ता की खुमारी ऐसी चढ़ी रही कि वह वार्ड का विकास करना तो दूरी जनता से किये गये वायदों को भी भूल गये। आज वार्ड में समस्याओं का अंबार है। सड़कों की हालत खस्ता है, जगह जगह जलभराव से लोगों का जीना दूभर हो गया है। बारिश का पानी जमा होने से मच्छरों की भरमार है जिसके चलते डेंगू मलेरिया जैसी बिमारियां फैलने का भय बना हुआ है। जरा सी बारिश के चलते वार्ड में लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो जाता है। वार्ड की कई गलियों में नालियों की व्यवस्था नहीं है। सरकारी हैण्ड पम्पों की हालत खराब है। कीचड़, गंदगी से लोग खासे परेशान हैं। 

पांच साल तक नगर निगम में मेयर भी भाजपा के थे और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद भाजपा पार्षद के वार्ड में लोगों को समस्याओं से छुटकारा नहीं मिल पाया। वार्ड की समस्याओं को लेकर पार्षद के खिलाफ लोगों में रोष है। वार्ड के निवासी कुलवंत सिंह का कहना है कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के लिए भी लोगों को जूझना पड़ रहा है, नालियां खस्ताहाल है, लाईटों की व्यवस्था चौपट है। भाजपा पार्षद को इन समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। 

सीलिंग की भूमि को किया जा रहा खुर्द बुर्द

इस वार्ड में सीलिंग की भूमि काफी है, जिसे खुर्द बुर्द करने की जुगत में कई वर्षों से भू माफिया लगे हुए हैं। बताया जाता है कि सीलिंग की भूमि को खुर्द बुर्द करने वालों को निवर्तमान भाजपा पार्षद का भी संरक्षण मिला हुआ है। जिसके चलते भू माफिया करोड़ों की भूमि को खुर्द बुर्द करने में लगे हुए हैं। 

नशा माफियाओं का गढ़ बना वार्ड

वार्ड 25 का क्षेत्र यूपी से सटा होने के कारण यहां कई इलाके नशा माफियाओं का बढ़ बने हुए हैं। यहां पर खुलेआम युवाओं को अवैध नशा परोसा जा रहा है। अवैध शराब के साथ साथ नशेड़ियों को चरस, स्मैक, अफीम गांजा जैसे नैशे भी आसानी से उपलब्ध कराये जा रहे हैं। लेकिन पार्षद ने आज तक इन नशा कारोबारियों के खिलाफ आजवा उठाने की जहमत नहीं उठाई।

error: Content is protected !!
Call Now Button