ऊधम सिंह नगर

युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या का आरोप, दोनों नामजद आरोपी गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

खटीमा। युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके पिता को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान दो भाइयों ने उसके पिता के साथ मारपीट की और चारपाई की पाटी से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उपचार के लिए ले जाते समय घायल की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, घटना 27 सितंबर को कोतवाली खटीमा क्षेत्र के खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास हुई। आरोप है कि यहां पानी लेने गई एक युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो खेतलसंडा खाम निवासी संजय पुत्र स्व. रामभरोसे और सुभाष पुत्र स्व. रामभरोसे ने उनके साथ मारपीट कर दी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सालयों में ले गए, लेकिन 28 सितंबर को करीब नौ बजे उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में वादिनी की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा अपराध संख्या 297/2026 के तहत धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

SSP के निर्देश पर पुलिस ने चलाया गिरफ्तारी अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुराने रेलवे फाटक, खेतलसंडा के पास से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष (33) और संजय (35), दोनों पुत्र स्व. रामभरोसे, निवासी खेतलसंडा खाम, थाना खटीमा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, व0उ0नि0 केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार तथा कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह शामिल रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button