मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को लोहियाहेड हेलीपैड में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारियों को गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष दान सिंह रावत, अमित पांडेय, सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम तुषार सैनी, एएसपी अनुषा बड़ोला सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।।
