जनता की समस्याओं को लेकर डीएम सख्त, 95 मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी मनीष कुमार के सामने रखीं। कुल 95 शिकायतें और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद केवल उसे संबंधित विभाग को भेजना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारी स्वयं प्रकरण की प्रगति पर नजर रखें और निस्तारण सुनिश्चित करें।
जनता मिलन में ग्रामीण क्षेत्रों से फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए तारबाड़, घेरबाड़ और चेनलिंक फेंसिंग कराने की मांग प्रमुखता से उठी। इसके अलावा सोलर लाइट, प्रधानमंत्री आवास, आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, मत्स्य पालन, सड़क और पेयजल से जुड़े मामले भी सामने आए।
पल्सों गांव के गिरधारी राम ने फसल सुरक्षा के लिए घेरबाड़ और सोलर लाइट की मांग रखी। धुरचम के तोक न्याड़ी निवासी रमेश चन्द्र थ्वाल ने चेनलिंक फेंसिंग, बाड़ासुसेरा के सोबन सिंह ने आपदा से क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा, सोलर लाइट एवं तारबाड़ तथा मौराड़ी के चन्द्रमणि जोशी ने खेतों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
सिलिंगटाक की पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने सीसी मार्ग निर्माण का मामला उठाया। वहीं मल्ली खटोली की सोनिया देवी ने दूरस्थ क्षेत्र में हेलीपैड बनाए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यकता और तकनीकी पहलुओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए जनता मिलन में जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन भी आए। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों को सामान्य सरकारी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए। इससे जनता मिलन में पहुंचे लोगों को मौके पर ही स्वास्थ्य योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिली।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी बीसी पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।।

