SSP और थाना अध्यक्ष की अगुवाई में शिव एन्क्लेव में फायरिंग और तोड़फोड़ का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में बीती 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से तीन अवैध हथियार और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि फायरिंग की वारदात में शामिल तीन युवक एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नंदू पुत्र सालिक राम निवासी नई बस्ती खानपुर, बिलासपुर, रामपुर, सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर निवासी सिरौली कला, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर ट्रांजिट कैंप तथा सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली पुत्र हरीश चंद्र अधिकारी निवासी भदईपुरा, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान नंदू के पास से .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। वहीं सोहेल तथा सुमित के कब्जे से एक-एक .315 बोर के तमंचे और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में एक युवती से मिलने गया था। कॉलोनी के लोगों को इसकी जानकारी होने के बाद वह मौके से निकल गया, लेकिन उसकी कार वहीं रह गई। इसके बाद आरोपियों को कार वापस लाने के लिए भेजा गया पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कॉलोनी में पहुंचने पर भीड़ देखकर लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग की। इसके बाद जब कार के पहियों के नट खुले मिले और वे कार नहीं ले जा सके तो कथित तौर पर आरोपियों ने गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों को तलवार से क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने 25 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को सौंपी गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नंदू के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोहेल और सुमित के खिलाफ भी वर्ष 2026 में अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में फायरिंग, अवैध हथियार रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु आर्य शामिल रहे।।

