ऊधम सिंह नगर

भगत सिंह की जयंती पर श्रमिकों ने लिया संघर्ष जारी रखने का संकल्प, ऐरा बिल्डिसिस के 102 मजदूरों की कार्यबहाली की मांग

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर श्रमिक संयुक्त मोर्चा ऊधम सिंह नगर की ओर से सिडकुल पंतनगर के सेक्टर-9 में कार्यबहाली की मांग को लेकर धरने पर बैठे ऐरा (एपेक्स) बिल्डिसिस के श्रमिकों के बीच सभा आयोजित की गई। इस दौरान भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके विचारों और संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। साथ ही मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी को उनके शहादत दिवस पर याद किया गया।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भी गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक असमानता और श्रमिकों के शोषण जैसे मुद्दे मौजूद हैं। उनका कहना था कि इन परिस्थितियों में भगत सिंह के सामाजिक और आर्थिक विचारों को समझना तथा मजदूरों, किसानों, युवाओं और छात्रों से जुड़े सवालों पर चर्चा जरूरी है।

ऐरा बिल्डिसिस के श्रमिकों की कार्यबहाली का मामला उठाते हुए वक्ताओं ने दावा किया कि 102 स्थायी श्रमिक वर्ष 2017 से काम पर वापस लिए जाने की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। उनके अनुसार एनसीएलटी की प्रक्रिया के तहत कंपनी की नीलामी के दौरान श्रमिकों और कर्मचारियों से संबंधित शर्तें निर्धारित की गई थीं। वक्ताओं का आरोप है कि नए प्रबंधन ने इन शर्तों और बाद में एनसीएलएटी से जारी आदेश के बावजूद श्रमिकों को अब तक कार्य पर नहीं लिया है।

श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि मामले को लेकर यूनियन की ओर से एनसीएलएटी में भी कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई। उनका कहना है कि एनसीएलएटी ने नीलामी प्रक्रिया में निर्धारित शर्तों को संबंधित पक्षों के लिए बाध्यकारी माना था। इसके बावजूद श्रमिकों की कार्यबहाली नहीं होने से 102 श्रमिकों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट बना हुआ है।
वक्ताओं के अनुसार, संघर्षरत श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल न्याय की मांग को लेकर कुमाऊं कमिश्नर से भी मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से न्यायालय और न्यायाधिकरण के आदेशों के अनुपालन की दिशा में कार्रवाई करने की मांग रखी।

सभा में श्रमिक नेताओं ने जिला प्रशासन से ऐरा बिल्डिसिस के 102 स्थायी श्रमिकों की कार्यबहाली सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के मामले का नियमानुसार समाधान कर उनके रोजगार और परिवारों के भविष्य को सुरक्षित किया जाना चाहिए सभा को सीएसटीयू के मुकुल, क्रालोस के शिवदेव सिंह, इंकलाबी मजदूर केंद्र के दिनेश, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र की रविंद्र कौर, एरा श्रमिक संगठन के भरत जोशी, सीआईई इंडिया श्रमिक संगठन के कमल प्रसाद, इंट्रार्क मजदूर संगठन के हृदयेश कुमार, इन्फ्रा श्रमिक संगठन के राम गोपाल और बजाज ऑटो से संदीप ने संबोधित किया कार्यक्रम का संचालन श्रमिक संयुक्त मोर्चा अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने किया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button