Sunday, September 27, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन बंद रहेंगी बैंकें बैंक हड़ताल से प्रभावित हो सकती हैं सेवाएं, समाजसेवी सुशील गाबा ने सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। बैंकिंग सेवाओं से जुड़े ग्राहकों के लिए आने वाले तीन दिन परेशानी भरे हो सकते हैं। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के चलते 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने की संभावना है। लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ ही व्यापारियों, कारोबारियों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों को भी अपने जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण नकद लेनदेन, चेक संबंधी कार्य, बैंक शाखाओं में होने वाले भुगतान, जमा एवं निकासी सहित कई शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की स्थिति में लोगों को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन बैंक शाखाओं से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए ग्राहकों को हड़ताल समाप्त होने तक इंतजार करना पड़ सकता है।

समाजसेवी सुशील गाबा ने बैंक हड़ताल को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और इसका सीधा संबंध आम आदमी से है। ऐसे में बैंक कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों का समय रहते समाधान किया जाना चाहिए, ताकि बैंकिंग सेवाएं बाधित न हों और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुशील गाबा ने कहा कि बैंक बंद होने का असर केवल बैंक कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे बैंक के ग्राहकों, व्यापारियों, छोटे कारोबारियों और रोजमर्रा के बैंकिंग कार्यों पर निर्भर लोगों को भी दिक्कत होती है। उन्होंने सरकार से बैंक कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी परिस्थितियां पैदा होने से रोकने के लिए कर्मचारियों और बैंक प्रबंधन के बीच संवाद को मजबूत करना चाहिए। बैंकिंग क्षेत्र में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होने के साथ-साथ ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है।

लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें, ताकि हड़ताल के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। विशेष रूप से जिन लोगों को बैंक शाखा में जाकर लेनदेन या अन्य आवश्यक कार्य करना है, वे संबंधित कार्य समय रहते पूरा कर सकते हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button