अंडर-19 हैंडबॉल में चम्पावत की बेटियों ने रचा इतिहास, ऊधमसिंह नगर को 13-8 से हराकर बनीं राज्य चैंपियन देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ में शानदार प्रदर्शन डीएम ने दी चम्पावत की राज्य चैंपियन बेटियों को बधाई, कहा—खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
अंडर-19 हैंडबॉल में चम्पावत की बेटियों ने रचा इतिहास, ऊधमसिंह नगर को 13-8 से हराकर बनीं राज्य चैंपियन
देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ में शानदार प्रदर्शन
डीएम ने दी चम्पावत की राज्य चैंपियन बेटियों को बधाई, कहा—खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए किया जाएगा प्रोत्साहित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित अंडर-19 बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में चम्पावत की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। देहरादून में खेले गए फाइनल मुकाबले में चम्पावत की टीम ने ऊधमसिंह नगर को 13-8 गोल से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
खेल विभाग के हैंडबॉल कोच महेश चुफाल के नेतृत्व में चम्पावत की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए ऊधमसिंह नगर की टीम को 13-8 से शिकस्त दी।
विजेता टीम में आँचल गोस्वामी, प्रियंका खोलिया, सोन्या वर्मा, प्रियांशी, रिया, गरिमा बिष्ट, यशवनी, अक्षिता वर्मा, संगीता एवं निधि नारायण शामिल रहीं।
चम्पावत की बेटियों की इस उपलब्धि से जनपद में खुशी का माहौल है। राज्य स्तर पर मिली इस सफलता को जिले की अन्य युवा खेल प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टीम की शानदार उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, कोच एवं खेल विभाग को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि चम्पावत की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से राज्य स्तर पर जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।।

