ऊधम सिंह नगर

भयंकर बारिश में भी कंपनी गेट पर डटे मजदूर, 102 श्रमिकों की कार्यबहाली की मांग

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

पंतनगर। अपेक्स बिल्डस लिमिटेड (पूर्व नाम ऐरा बिल्डस लिमिटेड), सेक्टर-9, प्लॉट नंबर-11, सिडकुल पंतनगर के 102 स्थायी श्रमिक कार्यबहाली की मांग को लेकर 16 सितंबर से कंपनी गेट पर मजदूर सत्याग्रह कर रहे हैं। शुक्रवार को भारी बारिश के बावजूद महिला श्रमिकों, बच्चों और अन्य मजदूरों का धरना जारी रहा।

ऐरा श्रमिक संगठन का कहना है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा प्लांट बंद किए जाने के बाद मामला एनसीएलटी तक पहुंचा। एनसीएलटी की दिल्ली शाखा के निर्देशन में कंपनी की नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई। यूनियन के अनुसार, नीलामी की शर्तों के तहत कंपनी का स्वामित्व एवं प्रबंधन समस्त श्रमिकों और कर्मचारियों सहित जसमृत डिजाइनर को हस्तांतरित किया गया। संगठन का दावा है कि जसमृत डिजाइनर के स्वामी ने एनसीएलटी के समक्ष शपथपत्र प्रस्तुत कर नीलामी प्रक्रिया में वर्णित शर्तों को स्वीकार किया था।

यूनियन का आरोप है कि इसके बावजूद 102 स्थायी श्रमिकों की अब तक कार्यबहाली नहीं की गई है। संगठन के मुताबिक, इस मामले को लेकर एनसीएलएटी में भी याचिका दायर की गई, जिस पर नीलामी प्रक्रिया में वर्णित शर्तों को सभी संबंधित पक्षों के लिए बाध्यकारी बताया गया।

श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उन्हें कंपनी गेट से हटाने के लिए विभिन्न प्रयास कर रहा है। यूनियन ने यह भी दावा किया कि धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए रुद्रपुर सिविल कोर्ट में जाने का प्रयास किया गया, लेकिन मजदूरों का सत्याग्रह जारी है।

यूनियन के अनुसार, 16 सितंबर को कंपनी में हुई वार्ता के दौरान सहायक श्रमायुक्त की ओर से 28 सितंबर को जिला प्रशासन स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक इसकी लिखित सूचना श्रमिकों को नहीं दी गई है।

संगठन ने आरोप लगाया कि कंपनी में बिना लाइसेंस ठेका श्रमिकों से उत्पादन कार्य कराया जा रहा है। इस संबंध में लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। यूनियन का कहना है कि जिला स्तरीय कमेटी के समक्ष हुई विभिन्न वार्ताओं में अधिकारियों के समक्ष भी 102 श्रमिकों की कार्यबहाली का मुद्दा उठाया गया है।

यूनियन ने श्रमायुक्त उत्तराखंड की ओर से सहायक श्रमायुक्त रुद्रपुर को जारी निर्देशों का हवाला देते हुए संबंधित श्रम कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि श्रमिकों की कार्यबहाली और नीलामी प्रक्रिया में निर्धारित शर्तों के अनुपालन को सुनिश्चित कराया जाना चाहिए।

मजदूर संगठन की प्रमुख मांग है कि प्रशासन हस्तक्षेप करते हुए 102 स्थायी श्रमिकों की सवेतन कार्यबहाली सुनिश्चित कराए तथा नीलामी प्रक्रिया में निर्धारित शर्तों एवं संबंधित न्यायिक आदेशों का अनुपालन कराया जाए।

भारी बारिश के बीच भी शुक्रवार को सत्याग्रह में सुनील कुमार, बुद्धसेन, अमरजीत सिंह, सूर्यभान यादव, शंकर दत्त जोशी, उपेंद्र राय, भूप राम सहित कई मजदूर मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button