मतगणना परिसर में हंगामे की कोशिश, एक गिरफ्तार; 30 हिरासत में
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
किच्छा। नगर पालिका निर्वाचन किच्छा एवं सिरौलीकलां की मतगणना प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को नई मंडी, किच्छा स्थित मतगणना परिसर में दो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। पुलिस के अनुसार इस दौरान कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को करीब 4:30 बजे वर्तमान विधायक किच्छा तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक किच्छा राजेश शुक्ला अपने समर्थकों एवं प्रत्याशियों के साथ मतगणना परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर मौके से हटाया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर ले जाया गया, जबकि वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि वर्तमान विधायक के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार (40), पुत्र शम्भू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, आस्था कॉलोनी, लालपुर, थाना किच्छा को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इसके अलावा शांति भंग करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए पुलिस ने अब तक कुल 30 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सभी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक संतोष उप्रेती, कांस्टेबल 616 बृजमोहन सिंह और कांस्टेबल 1148 हरेन्द्र धामी शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर ने कहा कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।।

