महिला सशक्तिकरण के लिए रीड इंडिया की पहल, रुद्रपुर में शुरू हुआ हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र सीडीओ दिवेश शासनी ने किया ‘परिश्रम कौशल’ हथकरघा कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
महिला सशक्तिकरण के लिए रीड इंडिया की पहल, रुद्रपुर में शुरू हुआ हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र
सीडीओ दिवेश शासनी ने किया ‘परिश्रम कौशल’ हथकरघा कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रूरल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट (रीड इंडिया) की पहल के तहत रुद्रपुर ब्लॉक में ‘परिश्रम कौशल’ हथकरघा कौशल प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने रिबन काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं और अन्य लोगों को हथकरघा सहित विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक होगी।
रूरल एजुकेशन एंड डेवलपमेंट संस्था की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गीता मल्होत्रा ने संस्था द्वारा महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रीड इंडिया देशभर में महिलाओं के कौशल विकास के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था की कार्यप्रणाली में सबसे पहले महिलाओं की क्षमता और व्यावसायिक समझ को विकसित किया जाता है। इसके बाद उनकी रुचि और सुविधा के अनुसार विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें व्यावसायिक अवसरों से जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था ‘समुदाय प्रथम’ दृष्टिकोण के साथ काम करती है, जिसमें समुदाय को केंद्र में रखते हुए संस्था मार्गदर्शन और सहयोग की भूमिका निभाती है।
डॉ. मल्होत्रा ने बताया कि उत्तराखंड सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में नए बुनाई (वीविंग) सेंटर की शुरुआत की गई है। इस केंद्र में रीड इंडिया के मास्टर ट्रेनर्स द्वारा महिलाओं को हथकरघा बुनाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने और उन्हें व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी आसित आनंद सहित ग्रामीण महिलाएं, संस्था के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
