चम्पावत में वृहद स्वच्छता अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विश्व स्वच्छता दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद चम्पावत में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला कार्यालय, विकास भवन सहित सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान कार्यालय परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। एकत्रित कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण किया गया तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं अभियान में प्रतिभाग करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक आदत और जिम्मेदारी के रूप में अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य और बेहतर जीवन का आधार है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालय परिसरों में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा आमजन को भी घर, गांव, नगर एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया अभियान के माध्यम से ‘स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी’ का संदेश देते हुए जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए प्रशासन के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।।

