1.139 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, चम्पावत पुलिस की कार्रवाई
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 1.139 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी, एएनटीएफ और थाना रीठा साहिब पुलिस की संयुक्त टीम ने 15 सितंबर 2026 को मेला चौक के सामने चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.139 किलोग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन राम (42 वर्ष), निवासी खनस्यू, नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चरस को चम्पावत क्षेत्र में ऊंचे दाम पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
पुलिस की अपील: नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना MANAS हेल्पलाइन 1933 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दी जा सकती है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।।

