Monday, September 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

पंचम बाल विधानसभा के लिए 70 बाल विधायकों का होगा चयन बाल अधिकार आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तानऊधम सिंह नगर। बच्चों में लोकतांत्रिक भागीदारी, नेतृत्व क्षमता और बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से पंचम बाल विधानसभा-2026 के गठन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों से 14 से 16 वर्ष आयु वर्ग के 70 बाल विधायकों का चयन किया जाएगा इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर आपदा प्राधिकरण के सभागार में आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, बाल कल्याण समिति सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में रजवार ने जिले में अब तक बाल विधायकों के चयन के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी ली उन्होंने अधिकारियों को चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए आयोग के अनुसार बाल विधायकों का चयन निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण और बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय स्तर से प्राप्त निबंधों की जांच और मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

चयन में बच्चों की प्रतिभा, जागरूकता, अभिव्यक्ति क्षमता और बाल अधिकारों की समझ को प्रमुख आधार बनाया जाएगा बैठक में जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष रत्नेश सिंह सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

रजवार ने कहा कि बाल विधानसभा बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने, अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराती है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र एवं प्रतिभाशाली बच्चों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ चयन प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button