बंगाली कल्याण समिति के 10 दिवसीय धरने का तीसरा दिन, चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन जारी—20 सितंबर को डीएम कार्यालय कूच की तैयारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। बंगाली कल्याण समिति उत्तराखंड की ओर से बंगाली समाज की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चलाया जा रहा 10 दिवसीय धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने के माध्यम से समिति ने सरकार का ध्यान समाज की लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए जल्द समाधान की मांग की। समिति का कहना है कि बंगाली समाज शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है।
बंगाली कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी ने सरकार के समक्ष चार प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग विस्थापित बंगाली समाज की संबंधित जातियों को उत्तराखंड में अनुसूचित जाति (SC) का अधिकार दिलाने की है। दूसरी मांग प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बांग्ला भाषा में शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की है। तीसरी मांग शक्तिफार्म सहित अन्य पुनर्वासित क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित भूमिधरी अधिकार प्रदान करने की है। वहीं चौथी मांग पिछले करीब आठ वर्षों से बंद छात्रवृत्ति एवं सहायता योजनाओं को दोबारा शुरू करने की है।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों का संबंध समाज के विद्यार्थियों, किसानों, विस्थापित परिवारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। समिति ने सरकार से अपील की कि वह मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए समय रहते सकारात्मक निर्णय ले, ताकि आंदोलन को आगे बढ़ाने की आवश्यकता न पड़े समिति के अनुसार यदि सरकार की ओर से चार सूत्री मांगों के समाधान को लेकर ठोस पहल नहीं की जाती है तो 20 सितंबर 2026 को आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दिन रामलीला मैदान से बंगाली समाज के लोग एकजुट होकर विशाल रैली के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करेंगे।
समिति ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित रैली किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि अधिकार, सम्मान और न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित की जाएगी। धरने में समाज के लोगों से एकजुट होकर शांतिपूर्ण आंदोलन में सहयोग करने की अपील की गई समिति ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित समाधान नहीं होता, तब तक अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर जीवन राय, चंद्रशेखर गांगूली, समीर राय,परिमल राय, अर्जुन विश्वास, संजय आईस, किशोर हलदार, शुभम् मंडल, ममता हलदार, विकास कुमार, दीपू राय, पत्रकार तपास विश्वास, विक्की मंडल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सत्यजीत सरकार, अंकिता अधिकारी, गुड़िया अधिकारी, ऊमा सरकार।।

