राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में रुद्रपुर कॉलेज ने हासिल किया प्रदेश में तीसरा स्थान
राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में रुद्रपुर कॉलेज ने हासिल किया प्रदेश में तीसरा स्थान
पिछले वर्ष पांचवें स्थान से दो पायदान की छलांग लगाकर प्रदेश में बनाया स्थान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 के राज्य स्तरीय परिणाम की घोषणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की गई। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव विधि एवं संसदीय कार्य, उत्तराखंड सरकार श्री सहदेव सिंह, अपर सचिव विधि एवं संसदीय कार्य श्री अरविंद कुमार सिंह, सहायक निदेशक उच्च शिक्षा श्री मनोज कुमार डोबरियाल समेत उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 में राज्य के कुल 119 राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में से 76 महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला ने प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी ने द्वितीय तथा सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया विगत वर्ष 2024-25 में सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर की टीम ने प्रतियोगिता में पांचवां स्थान हासिल किया था। इस बार टीम ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए दो पायदान की छलांग लगाई और प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में दो सर्वश्रेष्ठ युवा सांसदों का भी चयन किया गया। इसमें सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के गणेश भट्ट ने प्रथम तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के रोहित जोशी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों डॉ. भरत सिंह, प्रोफेसर सरजीत सिंह, प्रोफेसर दीपा वर्मा समेत अन्य शिक्षकों ने युवा संसद टीम को बधाई दी। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में महाविद्यालय की टीम प्रदेश स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेगी कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा विभाग एवं विधि एवं संसदीय कार्य विभाग से जुड़े अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।

