पंजाबी गौरव सम्मेलन को लेकर सांसद भट्ट ने परखी तैयारियां 10 सितंबर को रुद्रपुर में जुटेगा पंजाबी समाज, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे शिरकत
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। 10 सितंबर को आर्क होटल में होने वाले पंजाबी गौरव सम्मेलन को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को सांसद अजय भट्ट ने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा समेत पार्टी पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक, अतिथि स्वागत, सुरक्षा और पार्किंग समेत तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लेकर पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की मौजूदगी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पंजाबी समाज में खासा उत्साह है। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सम्मेलन पंजाबी समाज के संघर्ष, संस्कृति, विरासत और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि विभाजन और विस्थापन की त्रासदी झेलने के बावजूद पंजाबी समाज ने अपने परिश्रम और उद्यमशीलता से तराई समेत देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। व्यापार, उद्योग, कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में समाज ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नितिन नबीन का रुद्रपुर आगमन गौरव का विषय है। सम्मेलन के माध्यम से पंजाबी समाज के योगदान को सम्मान देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का संदेश भी दिया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।।

