स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश
स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। स्वाइन फ्लू और इन्फ्लुएंजा के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी है। शासन के निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने जिले के सभी चिकित्सालयों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।
सीएमओ ने अस्पतालों में इन्फ्लुएंजा एवं निमोनिया के संभावित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त आइसोलेशन बेड और वार्ड तैयार रखने के साथ ही ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के कार्मिकों को संभावित मरीजों की सघन निगरानी और आवश्यक जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। IDSP के तहत गठित रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) को इन्फ्लुएंजा एवं निमोनिया से जुड़ी किसी भी असामान्य स्थिति की लगातार निगरानी करने तथा स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सीएमओ ने स्वाइन फ्लू, इन्फ्लुएंजा और निमोनिया से बचाव को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को संभावित संक्रमण की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और उपचार व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।।

