ऊधम सिंह नगर

मिलावटखोरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को रुद्रपुर और जसपुर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। विभागीय टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए तेल, मसाले, तिल के तेल, तिल बर्फी, बेसन के लड्डू, मावे की बर्फी और दाल मखनी समेत सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जाएगा।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में रुद्रपुर में हुई कार्रवाई के दौरान आवास विकास स्थित गोविंद किराना मार्ट से तेल और सब्जी मसाले के नमूने लिए गए। वहीं बीबीसी मार्ट से तिल के तेल का नमूना लिया गया। शिकायत के आधार पर किच्छा बाईपास रोड स्थित अंगरेज स्वीट्स से तिल बर्फी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया इधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्पणा साह के नेतृत्व में जसपुर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। टीम ने गोस्वामी स्वीट्स, ध्याननगर से बेसन के लड्डू, मुकुट स्वीट्स, मेन मार्केट से मावे की बर्फी और शिकायत के निस्तारण के दौरान सिंह टूरिस्ट ढाबा, जसपुर से दाल मखनी का नमूना लिया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी सात नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को संदिग्ध या मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस खाद्य कारोबार करने तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी अभियान के बाद खाद्य कारोबारियों में भी खलबली रही।।

error: Content is protected !!
Call Now Button