ऊधम सिंह नगर

10 सितंबर को धूमधाम से मनेगी पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती जिलेभर में होंगे प्रभात फेरी, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम; डीएम के निर्देश पर तैयारियों को लेकर बैठक

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती आगामी 10 सितंबर को जिलेभर में धूमधाम से मनाई जाएगी। जयंती के अवसर पर विद्यालयों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने अधिकारियों और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत ने देश, प्रदेश और समाज के उत्थान में अविस्मरणीय योगदान दिया। उनके आदर्शों और सिद्धांतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से जयंती समारोह को गरिमापूर्ण और भव्य तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिले के सभी विद्यालयों में विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, भाषण, निबंध, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी। अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की स्वयं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

10 सितंबर को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, तहसीलों और ब्लॉकों में पं. पंत के चित्र एवं प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। पंत पार्क और प्रतिमा स्थलों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन और चूना छिड़काव की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय स्तर पर आयोजन समितियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने को भी कहा गया।

प्रभात फेरी और अन्य आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस विभाग को विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत एवं जल संस्थान के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्य संयोजक ललित भट्ट, संयोजक रामप्रकाश गुप्ता, कार्तिक राय, मोहित वर्मा, ललित तिवारी, हिमांशु सरकार, सचिन गुप्ता, संतोष गुप्ता, सह संयोजक सुभाष खुराना, प्रदेश समन्वयक राजेश कुमार, हरिश्चंद पंत, कमल किशोर उपाध्याय, पीयूष पंत सहित एसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा और अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button