ऑपरेशन प्रहार: जानलेवा हमले का आरोपी और लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के आरोपी समेत एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 27 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे संजय नगर निवासी सुकेश सरकार मोदी मैदान की ओर जा रहा था। इस दौरान मैदान में कुछ लोगों के बीच झगड़ा हो रहा था। सुकेश बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोप है कि अनिल कुमार ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर खतरनाक हथियार से वार कर दिया। हमले में सुकेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे जिला चिकित्सालय रुद्रपुर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में सुकेश के पिता सपन सरकार की तहरीर पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 273/26, धारा 109(1) बीएनएस के तहत अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को सौंपी गई। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी के बाद ठाकुर नगर स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर अनिल कुमार पुत्र श्रीकृष्ण, निवासी ठाकुर नगर, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
लंबे समय से न्यायालय में नहीं हो रहा था पेश
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने धारा 138 एनआई एक्ट के मामले में लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहे वारंटी जसवंत कुमार पुत्र गिरधारी लाल, निवासी आजाद नगर, उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया।
उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री पुलिस टीम के साथ वारंटी की तलाश में आजाद नगर पहुंचे। चेकिंग और तलाश के दौरान जसवंत कुमार वार्ड नंबर तीन, श्मशान भूमि रोड, आजाद नगर में मिला। पुलिस ने न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट दिखाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र और कांस्टेबल दिनेश घपोला शामिल रहे। वहीं वारंटी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री और हेड कांस्टेबल राजेंद्र कन्याल की भूमिका रही।।

