ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में परिवहन विभाग का बड़ा चाबुक: 10 वाहन सीज, 23 के चालान; ओवरलोडिंग पर कसा शिकंजा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रपुर नवीन सिंह के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने अभियान के दौरान कुल 23 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 10 वाहनों को सीज कर दिया।

चेकिंग अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने यात्री वाहनों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों पर भी शिकंजा कसा। सीज किए गए 10 वाहनों में पांच यात्री वाहन और पांच मालवाहक वाहन शामिल हैं। वहीं क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और निर्धारित सीमा से अधिक माल ढोने के मामलों में चार यात्री वाहनों और तीन मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई अभियान के दौरान कई वाहन ऐसे भी पकड़े गए, जो जरूरी दस्तावेजों के बिना सड़कों पर दौड़ रहे थे। जांच में बिना फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और रोड टैक्स के वाहन संचालित किए जाने के मामले सामने आए ऐसे तीन वाहनों को टीम ने मौके पर पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की।

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य फोकस ओवरलोडिंग और वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच पर रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षमता से अधिक सवारी या माल लेकर चलने वाले वाहन न केवल नियमों का उल्लंघन करते हैं, बल्कि सड़क पर गंभीर हादसों का कारण भी बन सकते हैं। एआरटीओ नवीन सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध दस्तावेजों और क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ विभाग जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button