जुलूस में हथियार लहराने वालों पर थाना अध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी की सख्ती, छह गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर में जुलूस के दौरान हथियार लहराने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना अध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने डीजे वाहन और एक मोटरसाइकिल भी सीज की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बताया गया कि 15 अगस्त को श्याम टॉकीज तिराहा, आवास विकास के पास एक टाटा 407 वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। वाहन के साथ कुछ युवक मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हाथों में हथियार लहराते हुए चल रहे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
सूचना पर थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने टाटा 407 वाहन संख्या UP14ET8138 को खतरनाक ढंग से चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एमवी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत सीज कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों को पुलिस ने कई बार तितर-बितर होने के निर्देश दिए, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं करने पर तीन व्यक्तियों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसी मामले में 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आंचल दूध की दीवार के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी में अभिषेक उर्फ कालू के पास से एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ। वहीं राजीव और हर्ष उर्फ भोला की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखे गए दो अवैध कापे बरामद किए गए पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ धारा 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से मिली मोटरसाइकिल UK-06-BM-7423 के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे भी एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजीव पुत्र कैलाश साहनी (20), हर्ष उर्फ भोला पुत्र गाया साहनी (18), अभिषेक उर्फ कालू पुत्र हरीश चन्द (21), अभय विश्वकर्मा पुत्र राजेन्द्र विश्वकर्मा (21), मो. हसन पुत्र नबाब अली (21) और सक्षम राजपूत पुत्र मुकेश राजपूत शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो और अन्य वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। जांच में जिन अन्य व्यक्तियों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष धर्मवीर सोलंकी, उपनिरीक्षक महेश काण्डपाल, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बबाढ़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल हिमांशु कुमार शामिल रहे।।

