स्वतंत्रता दिवस पर UPCL के चार कार्यालयों में स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक कार्मिकों ने उठाया लाभ
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से निगम के कार्मिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। गुरुवार को प्रातः 10 बजे से ऊर्जा भवन सहित UPCL के चार कार्यालयों में आयोजित इन शिविरों में निगम के 300 से अधिक कार्मिकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया स्वास्थ्य शिविर का आयोजन UPCL के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी के मार्गदर्शन एवं अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक के नेतृत्व में किया गया शिविर के माध्यम से निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और विभिन्न आवश्यक जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मेट्रो हॉस्पिटल, हरिद्वार; मेट्रो हॉस्पिटल, नोएडा; ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून; राही नेत्रधाम, देहरादून तथा साइंटिफिक पैथोकेयर की ओर से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कार्मिकों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संबंध में परामर्श दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न पैथोलॉजिकल और अन्य आवश्यक जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
प्रबंध निदेशक ने किया स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण
UPCL के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में मौजूद चिकित्सकों एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संस्थानों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली उन्होंने कार्मिकों को दी जा रही चिकित्सकीय सुविधाओं का भी जायजा लिया इस दौरान प्रबंध निदेशक ने कहा कि किसी भी संस्थान की कार्यक्षमता में उसके कार्मिकों का स्वस्थ रहना महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने निगम के कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को उपयोगी एवं सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर ही नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलने से कार्मिक समय रहते अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकते हैं और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने स्वास्थ्य को लेकर नियमित जांच कराने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान भी किया।
स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संस्थानों का जताया आभार
प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने स्वास्थ्य शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान करने वाले सभी स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से निगम के कार्मिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं। उन्होंने शिविर की सफलता में स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
अधिकारियों एवं कार्मिकों ने लिया हिस्सा
स्वास्थ्य शिविर में निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेने के साथ ही बड़ी संख्या में कार्मिकों ने विभिन्न जांच भी कराई। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा कार्मिकों को बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने, नियमित जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए गए इस अवसर पर निदेशक (वितरण एवं परियोजना) श्री एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) श्री कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य निगम के कार्मिकों को उनके कार्यस्थल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस पहल को निगम के कार्मिकों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।

