ट्रांजिट कैंप पुलिस ने बाइक चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्पेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को आजाद नगर निवासी देवेंद्र कुमार ने अपनी हीरो स्पेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK 06AA 3186 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा अपराध संख्या 258/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। 12 अगस्त की रात करीब 11:58 बजे सिडकुल ढाल के पास पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया पूछताछ और वाहन के चेसिस व इंजन नंबर का मिलान करने पर मोटरसाइकिल चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित राठौर उर्फ लम्बू (20), राकेश राजपूत (19) और अंगत (19) के रूप में हुई है। तीनों ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(2)(3)(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश बवाड़ी, अपर उपनिरीक्षक हृदयेश परिहार, कांस्टेबल राजेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल लक्ष्मी दत्त जोशी शामिल रहे।।

