Monday, August 10, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

आयुक्त दीपक रावत ने किया SIR कार्यों का स्थलीय निरीक्षण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज स्थित SIR बूथों का लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण व पारदर्शिता के निर्देश

आयुक्त दीपक रावत ने किया SIR कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज स्थित SIR बूथों का लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण व पारदर्शिता के निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रुद्रपुर जिला मुख्यालय स्थित दो बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज में संचालित SIR कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। विभिन्न बूथों पर पूर्व में जारी नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि नोटिसों की तामील और संबंधित व्यक्तियों को रसीद उपलब्ध कराने समेत सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।

आयुक्त ने स्वयं बूथ पर स्कैनिंग के माध्यम से मतदाता सूची का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अधिकांश त्रुटियां मतदाताओं के नाम से संबंधित हैं। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें निर्धारित तिथि भी अंकित की गई है। संबंधित मतदाता निर्धारित तिथि पर अपने बूथ पर उपस्थित होकर हाईस्कूल (10वीं) का प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने नाम से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 के आधार पर जिन मतदाताओं की मैपिंग की जा रही है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बूथ पर उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आयुक्त दीपक रावत ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रांतियों और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वास्तविक और पात्र मतदाता का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा तथा उसे मतदान करने का पूरा अधिकार प्राप्त रहेगा।

उन्होंने बताया कि एईआरओ (AERO) के बूथवार बैठने का शेड्यूल भी तैयार किया गया है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी एईआरओ निर्धारित तिथि और समय पर अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसीलदार दिनेश कुटोला, एईआरओ राजेश दुर्गापाल व असित आनंद सहित सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button