टिफिन टॉप में क्लीन नैनीताल का स्वच्छता अभियान, खराब मौसम में भी निकाला 150 किलो से अधिक कचरा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के पर्यावरण को स्वच्छ रखने की दिशा में टीम क्लीन नैनीताल ने रविवार को टिफिन टॉप क्षेत्र में सघन स्वच्छता अभियान चलाया। मूसलाधार बारिश और रास्तों पर भारी फिसलन के बावजूद स्वयंसेवकों ने अभियान जारी रखा और वन क्षेत्र से 150 किलो से अधिक कचरा एकत्र कर बाहर निकाला।
टीम के सदस्य प्रशांत तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान जंगल में बड़ी संख्या में प्लास्टिक की बोतलें, शराब की बोतलें, पुराने कपड़े, सैंडल और अन्य प्लास्टिक अपशिष्ट मिले। उन्होंने चिंता जताई कि नेचर ट्रेल पर जगह-जगह कूड़ेदान लगाए जाने के बावजूद लोग जंगल में कूड़ा फैला रहे हैं।
उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और प्राकृतिक व एकांत स्थलों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की। तिवारी ने बताया कि नैनीताल में बढ़ती कूड़े की समस्या को लेकर टीम जल्द ही विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से शहरभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी शुरू करेगी।
स्वच्छता अभियान में आशु निगम, निहारिका चौबे, यश गर्ग, मोहित पांडे, कोविद भट्ट, दिवा शाह, कावेरी मजूमदार, श्रीकांत, दीपक और प्रशांत तिवारी ने श्रमदान किया। स्वयंसेवकों ने दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर सफाई अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।।

