Thursday, August 6, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री की घोषणा: भूमिया बाबा मंदिर, फोर्ती के सौंदर्यीकरण को 20 लाख की मंजूरी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चम्पावत। जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र भूमिया बाबा मंदिर, फोर्ती के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की है। इस योजना के तहत मंदिर का समग्र विकास किया जाएगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी।

उत्तराखंड शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में पर्यटन विभाग को आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त करने तथा अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वीकृतियां मिलते ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराया जाएगा।

परियोजना के तहत मंदिर परिसर को अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही मंदिर परिसर के विकास से क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री की इस घोषणा से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि मंदिर के विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार, स्वरोजगार और पर्यटन आधारित आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन स्तर से आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्राप्त होते ही सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप शुरू करा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और भूमिया बाबा मंदिर, फोर्ती धार्मिक पर्यटन के प्रमुख स्थलों में और अधिक आकर्षक रूप में विकसित होगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button