ऊधम सिंह नगर

जसपुर हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, सड़क हादसे का रूप देकर की गई थी हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

 जसपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जसपुर में सड़क दुर्घटना का रूप देकर की गई एक सुनियोजित हत्या का मात्र 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक घायल हो गए थे। शुरुआती तौर पर इसे सड़क दुर्घटना माना गया, लेकिन अगले दिन उपचार के दौरान नितिन कुमार की मौत के बाद उसके पिता बनारसी दास ने इसे पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या बताते हुए तहरीर दी।तहरीर के आधार पर कोतवाली जसपुर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर 48 घंटे के भीतर नामजद आरोपी पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू निवासी कासमपुर तथा जाकिर गुज्जर निवासी नई बस्ती, जसपुर को गिरफ्तार कर लिया पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन मृतक नितिन और उसके साथियों से उनका विवाद हुआ था। बाद में प्रतिशोध की भावना से उन्होंने बलेनो कार से मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मारकर कुचल दिया और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP-21 DF-4379) बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button