Tuesday, October 13, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

एडीएम पंकज उपाध्याय ने सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद ऊधमसिंहनगर से चयनित श्रद्धालुओं के दल को रविवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा की सफलता एवं मंगलमय प्रवास की कामना की।एडीएम ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष तथा मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस अभियान के तहत उत्तराखंड से विभिन्न वर्गों के श्रद्धालुओं को सोमनाथ धाम की यात्रा कराई जा रही है, ताकि वे भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत से जुड़ सकें।

उन्होंने बताया कि यात्रा में महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवकों, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को शामिल किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए चिकित्सक दल और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था भी की गई है।

एडीएम ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर दर्शन, संकल्प संवाद, लाइट एंड साउंड शो, भजन संध्या, महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण करेंगे।उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन, स्वच्छता एवं मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे देवभूमि उत्तराखंड के सांस्कृतिक दूत के रूप में अपनी सकारात्मक पहचान प्रस्तुत करें इस अवसर पर नोडल अधिकारी एवं महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार, स्वयंसेवक, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button