ऊधम सिंह नगर

पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी घायल, दो अन्य गिरफ्तार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगवार की कथित साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 12 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि जितेंद्र चौधरी अपने साथियों के साथ बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार में सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना पर जाफरपुर कट क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पीछा करने पर उनकी कार यूनिटी लॉ कॉलेज के पास कच्चे रास्ते में अनियंत्रित होकर रुक गई।

पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपियों ने खेतों और पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें जितेंद्र चौधरी के पैर में गोली लगी मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल जितेंद्र चौधरी, सुमित राठौर और चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन 315 बोर तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार जितेंद्र चौधरी गाबा चौक फायरिंग कांड और पुलभट्टा फायरिंग कांड समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था तथा उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस पर हमला करने वालों और गैंगवार को बढ़ावा देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button