राष्ट्रीय योगी सेना के रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष बने किशन गंगवार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। दुधिया बाबा मंदिर परिसर में राष्ट्रीय योगी सेना की एक महत्वपूर्ण बैठक उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार और जनहित के कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया बैठक में किशन गंगवार को राष्ट्रीय योगी सेना का रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रुद्रपुर महानगर में संगठन को नई मजबूती मिलेगी तथा युवाओं को राष्ट्रहित, समाज सेवा और सांस्कृतिक जागरूकता से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष किशन गंगवार ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, समाज सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में अन्य पदाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई। इनमें किशन यादव को प्रदेश सचिव, जितेंद्र जोशी को प्रदेश प्रचार मंत्री, अशोक गंगवार को ऊधम सिंह नगर जिला अध्यक्ष, राम बहादुर मौर्य को जिला सचिव, राजेंद्र शर्मा को महानगर उपाध्यक्ष, मनीष कुमार को रुद्रपुर महानगर महामंत्री, तेजपाल को वार्ड संख्या-15 का वार्ड अध्यक्ष तथा राजीव सक्सेना को वार्ड संख्या-14 का वार्ड अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा राजेश कुमार, ऋषि भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ताओं को भी संगठन में विभिन्न दायित्व सौंपे गए।
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित, धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के कार्यों को समर्पित भाव से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।।

