Saturday, July 11, 2026
ऊधम सिंह नगर

GST के नाम पर ₹10 लाख गबन का आरोप, कारोबारी ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

GST के नाम पर ₹10 लाख गबन का आरोप, कारोबारी ने SSP से लगाई न्याय की गुहार

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारिक प्रतिष्ठान श्री बालाजी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर/अधिकृत प्रतिनिधि ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को विस्तृत शिकायती पत्र सौंपकर अपनी फर्म के पूर्व पार्ट-टाइम अकाउंटेंट हरप्रीत सिंह पर करीब 10 लाख रुपये के गबन, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, फर्जी GST रिटर्न दाखिल करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच, गबन की गई राशि की बरामदगी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, श्री बालाजी ट्रेडर्स वर्ष 2011 से विधिवत पंजीकृत फर्म है और ट्रेडिंग का व्यवसाय करती है। वर्ष 2021 में हरप्रीत सिंह, निवासी गदरपुर क्षेत्र, को फर्म में पार्ट-टाइम अकाउंटेंट के रूप में नियुक्त किया गया था उसे फर्म का लेखा-जोखा संभालने, GST रिटर्न दाखिल करने तथा समय-समय पर GST विभाग में कर राशि जमा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी शिकायतकर्ता का आरोप है कि हरप्रीत सिंह ने फर्म के विश्वास का फायदा उठाते हुए GST जमा कराने के नाम पर कई बार Google Pay और चेक के माध्यम से अपने निजी बैंक खाते में धनराशि मंगवाई उसने भरोसा दिलाया कि संबंधित राशि GST विभाग में जमा कर दी जाएगी, लेकिन बाद में पता चला कि कर जमा ही नहीं कराया गया आरोप है कि उसने फर्म की जानकारी के बिना गलत और फर्जी GST रिटर्न भी दाखिल किए, जिससे फर्म को गंभीर आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ा।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब GST विभाग से फर्म को नोटिस प्राप्त हुआ। नोटिस में बताया गया कि वर्ष 2021 से संबंधित कर राशि जमा नहीं की गई है। इसके परिणामस्वरूप विभाग ने फर्म का GST पंजीकरण निलंबित/बंद कर दिया और ब्याज सहित करीब 6 लाख रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया शिकायतकर्ता का कहना है कि GST पंजीकरण दोबारा चालू कराने के लिए पहले विभाग की बकाया राशि जमा करना आवश्यक बताया गया है, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। शिकायत में दावा किया गया है कि प्रारंभिक जांच में करीब 10 लाख रुपये के गबन की नकारी सामने आई है। इसके कारण फर्म को भारी आर्थिक नुकसान, व्यापारिक गतिविधियों में बाधा और बाजार में प्रतिष्ठा को भी क्षति पहुंची है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विभागीय कार्रवाई के कारण उन्हें अनावश्यक कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने हरप्रीत सिंह से धनराशि वापस करने और पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा तो उसने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “तेरे जैसे कई लोगों के साथ हम ऐसा कर चुके हैं, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाया, तू भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।” शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें और उनके परिवार को अपनी सुरक्षा को लेकर वास्तविक भय बना हुआ है।

एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन, आपराधिक विश्वासघात, फर्जीवाड़ा और धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने, उसके बैंक खातों एवं संपत्तियों की जांच कराने, गबन की गई राशि बरामद करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत के साथ GST विभाग के नोटिस, बैंक लेन-देन, Google Pay भुगतान, बैंक स्टेटमेंट और GST रिटर्न से जुड़े दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।।

error: Content is protected !!
Call Now Button