गोकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के आरोपी मोइन कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गदरपुर क्षेत्र में गोकशी करने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई की रात एसओजी प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में टीम वांछित अपराधियों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी के मामले में फरार मोइन कुरैशी अपने एक साथी के साथ स्वार (रामपुर) की ओर से बाजपुर में गोमांस की तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित कनौरा तिराहे पर चेकिंग शुरू की। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी भाग निकले।
पुलिस ने पीछा किया तो आम के बाग के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में चार राउंड जवाबी फायर किए, जिसमें मुख्य आरोपी मोइन कुरैशी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लगभग 17 किलोग्राम गोमांस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 1,920 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि बरामद मांस की पुष्टि पशु चिकित्सक द्वारा गोमांस के रूप में की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गोकशी और गोमांस तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी मोइन कुरैशी, निवासी चक्कर की मिलक, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), को पहले भी हल्द्वानी में गोकशी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह करीब एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।
आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।।

