रुद्रपुर में सिख समाज ने आशीष नेगी के खिलाफ FIR की मांग उठाई, पुलिस को सौंपा शिकायती पत्र
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। 2 जुलाई। सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत करने और सोशल मीडिया पर कथित रूप से भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को रुद्रपुर कोतवाली में पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर फेसबुक पेज “Ashish Negi UKD” के संचालक आशीष नेगी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
शिकायतकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुद्रपुर को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया कि आशीष नेगी चमोली के कर्णप्रयाग में हुई एक स्थानीय घटना को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर लगातार सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो प्रसारित कर रहा है। उनका आरोप है कि वीडियो में वर्ष 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और दरबार साहिब का बार-बार उल्लेख कर सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
गुरुद्वारा सिख सेंट्रल कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह तथा गुरुद्वारा नानकमत्ता साहिब के रुद्रपुर से डायरेक्टर एवं सेंट्रल कमेटी के जनरल सेक्रेटरी प्रतपाल सिंह ने बताया कि इन वीडियो के कारण स्थानीय सिख समाज में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act), 2000 के तहत आरोपी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो समाज आगे की रणनीति तय कर बड़े स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन करेगा।
शिकायती पत्र सौंपने के दौरान जोगिंदर सिंह, प्रतपाल सिंह, बलविंदर सिंह, जसबीर सिंह उप्पल, रशपाल सिंह हैप्पी, गुरमीत सिंह बठला, हरजीत सिंह विरदी, कंवलजीत सिंह, प्रभजीत सिंह, अमरजीत सिंह और जीत सिंह चाचू सहित सिख समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।।

