लोहाघाट में डॉ. एल.डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का शुभारंभ
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया उद्घाटन, घायल व बेसहारा पशुओं को मिलेगी आधुनिक उपचार सुविधा
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
लोहाघाट। जनपद में पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को लोहाघाट में निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयासों और राज भट्ट के सहयोग से स्थापित डॉ. एल.डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह वेटरनरी हॉस्पिटल पालतू पशुओं के साथ-साथ घायल एवं बेसहारा (स्ट्रीट) पशुओं को भी बेहतर उपचार उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के पशु अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण संबंधी निर्देशों की भावना के अनुरूप यह पहल समाज में पशु संरक्षण और संवेदनशीलता को बढ़ावा देगी।
जिलाधिकारी ने निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा पशु सेवा एवं संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसेवी संगठनों और समाज की भागीदारी से पशु कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव संभव है।
वेटरनरी हॉस्पिटल का संचालन गिरीश चंद भट्ट, किशोर सिंह बिष्ट और अनीता बिष्ट करेंगे, जबकि पशुओं के उपचार की जिम्मेदारी डॉ. जतिन खर्कवाल निभाएंगे एसोसिएशन के प्रतिनिधि किशोर सिंह बिष्ट ने बताया कि संस्था पहले से ही एक एनिमल रेस्क्यू सेंटर संचालित कर रही है, जहां घायल, बीमार और पीड़ित पशुओं का रेस्क्यू कर उनका उपचार एवं देखभाल की जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पशु कल्याण से जुड़े कार्यों का दायरा और बढ़ाया जाएगा।।

