राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा, ऊधम सिंह नगर में पांच स्थानों पर होगा अभ्यास
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। आगामी 2 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर मंगलवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर समीक्षा की। बैठक में मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही इस राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल का उद्देश्य मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता, समन्वय, राहत एवं बचाव तंत्र तथा आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था का परीक्षण करना है।
बैठक में सचिव विनोद कुमार सुमन ने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में आयोजित की जाए, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावशीलता का आकलन किया जा सके बैठक के दौरान सभी जनपदों ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से अपनी तैयारियों की जानकारी दी ऊधम सिंह नगर की ओर से अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि जनपद में पांच स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी इसके तहत काशीपुर में 20 नंबर पावर हाउस क्षतिग्रस्त होने, बाजपुर में लेबरा पुल क्षतिग्रस्त होने, रुद्रपुर मार्ग पर वृक्ष गिरने से यातायात बाधित होने, सितारगंज के बमनपुरी पुल के तटबंध टूटने तथा खटीमा के गौशाला क्षेत्र में जलभराव जैसी संभावित आपदा स्थितियों पर आधारित अभ्यास कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन परिदृश्यों के अनुसार संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, उपलब्ध संसाधनों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली का परीक्षण किया जाएगा बैठक में जनपद स्तर पर गठित इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) के अधिकारियों के साथ तहसील स्तर के अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पैरामिलिट्री बल और अन्य एजेंसियों की भूमिका एवं तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए बैठक के अंत में 2 जुलाई को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए सभी अधिकारियों और विभागों को शुभकामनाएं दी गईं। बताया गया कि मॉक ड्रिल का प्रस्तुतीकरण शासन स्तर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं मुख्य सचिव के समक्ष भी प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, प्रभारी अधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

