ऊधम सिंह नगर

पंतनगर महाविद्यालय में साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किए गए 250 से अधिक NCC कैडेट

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

पंतनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पंतनगर महाविद्यालय में संचालित NCC कैडेट कैंप में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रतिभागियों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, पासवर्ड एवं OTP की गोपनीयता, फर्जी निवेश योजनाओं तथा ऑनलाइन जॉब फ्रॉड जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को डराने-धमकाने और धन ठगने का प्रयास करते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में सतर्क रहना आवश्यक है।

प्रतिभागियों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP, ATM, CVV और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।

साइबर क्राइम ब्रांच ने किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, स्थानीय पुलिस अथवा साइबर सेल से संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर SSP अजय गणपति ने अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क और जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी अज्ञात कॉल, संदेश, लिंक या आकर्षक ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button