Friday, June 12, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

विकास कार्यों की उपेक्षा पर ग्रामवासियों का धरना, ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी

विकास कार्यों की उपेक्षा पर ग्रामवासियों का धरना, ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी

– कुरैया ग्रामसभा में विकास कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनीसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। रुद्रपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्रामसभा कुरैया में विकास कार्यों की कथित उपेक्षा को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानी सुखीजा के प्रतिनिधि शुभम सुखीजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण विकास भवन परिसर पहुंचे और ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ग्रामसभा में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई।

धरने को संबोधित करते हुए शुभम सुखीजा ने आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख का निर्वाचन हुए लगभग एक वर्ष का समय बीत चुका है, लेकिन ग्रामसभा कुरैया को विकास कार्यों के मामले में लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठकों में ग्रामसभा से संबंधित अनेक विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे जा चुके हैं, लेकिन आज तक उन पर अमल नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि ग्रामसभा में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। इन कार्यों के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान भी आकृष्ट कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में वह कई बार ब्लॉक प्रमुख के पति से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला और धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।

शुभम सुखीजा ने आरोप लगाया कि ब्लॉक कार्यालय के सौंदर्यीकरण पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च कर दिए गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि यदि यही धनराशि गांवों के विकास पर खर्च की जाती तो क्षेत्र के लोगों को उसका सीधा लाभ मिलता।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विकास कार्यों की मांग उठाने पर उनसे कहा जाता है कि क्षेत्र में विकास कार्य कराने के लिए राजेश शुक्ला से कहलवाया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान देकर अनावश्यक रूप से अन्य लोगों को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। विकास कार्य किसी व्यक्ति विशेष की सिफारिश पर नहीं, बल्कि जनता की आवश्यकताओं और स्वीकृत योजनाओं के आधार पर होने चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामसभा कुरैया में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण व्यापक जन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।

धरना प्रदर्शन में राजीव मुंजाल, अजय शर्मा, दीपक सुखीजा, गुरवंत सिंह, गगन सुधा, शिवम, राजाराम, सोनू राजपूत, मनदीप सिंह, सागर कुमार, शिवम चावला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button