त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे बड़ी मजबूती : मस्तू दास
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा हेतु बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने की। इस दौरान नगर आयुक्त, समस्त ईआरओ, एईआरओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने प्रतिभाग किया बैठक को संबोधित करते हुए सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची होती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, इसी उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि 8 जून से जनपद में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मतदाताओं की पहचान, पते का सत्यापन, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का परीक्षण तथा पात्र नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्य प्रगति पर है, लेकिन निर्धारित लक्ष्य की तुलना में इसमें और तेजी लाने की आवश्यकता है। मस्तू दास ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 15 जून तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण का कार्य पूर्ण किया जाए। इसके बाद बीएलओ के माध्यम से मतदाताओं से फार्म प्राप्त कर निर्धारित पोर्टल पर अद्यतन कराया जाए। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र एवं बूथ स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग एवं दैनिक प्रगति समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां अतिरिक्त फील्ड टीम लगाकर अभियान में तेजी लाने को कहा। मतदाताओं का अधिकाधिक सहयोग प्राप्त करने के लिए व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जाए अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि निर्धारित समय-सीमा से पूर्व ही सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एसआईआर अभियान की प्रगति, बूथवार स्थिति, फील्ड सत्यापन एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी भी दी बैठक में उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, अमृता शर्मा, राहुल शाह, हिमांशु कफल्टिया, गौरव पाण्डे, नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, शिप्रा जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित समस्त ईआरओ, एईआरओ, डीएलएमटी एवं एएलएमटी अधिकारी उपस्थित रहे।।

