ऊधम सिंह नगर

रेशमबाड़ी में युवक से मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप क्षेत्र में खुलेआम नशा, शराब और जुए के कारोबार को लेकर भी उठे सवाल

रेशमबाड़ी में युवक से मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप
क्षेत्र में खुलेआम नशा, शराब और जुए के कारोबार को लेकर भी उठे सवाल

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि रेशमबाड़ी क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम नशाखोरी, शराबखोरी और जुए का कारोबार चल रहा है, जिसके चलते आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 12, शास्त्री नगर निवासी आदिल खान ने पुलिस चौकी रूपनगर में दी गई तहरीर में बताया कि वह किसी काम से रेशमबाड़ी गया हुआ था। इसी दौरान वहां भीड़ लगी हुई थी। आरोप है कि वहां मौजूद 8 से 10 युवकों ने उस पर वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी पीड़ित के मुताबिक जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि युवकों ने लाठी-डंडों से हमला किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेशमबाड़ी क्षेत्र में शाम होते ही कई स्थानों पर शराब पीने, नशा करने और जुआ खेलने वालों का जमावड़ा लग जाता है। आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। लोगों का कहना है कि नशे में धुत युवकों द्वारा राहगीरों से अभद्रता और झगड़े की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाने और अवैध नशा व जुए के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ी घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
Call Now Button