मुख्यमंत्री धामी की पहल से चम्पावत में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, 23 मई से शुरू होंगे प्रशिक्षण शिविर
मुख्यमंत्री धामी की पहल से चम्पावत में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, 23 मई से शुरू होंगे प्रशिक्षण शिविर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पुष्कर सिंह धामी की पहल पर जनपद चम्पावत में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन और क्रीड़ा विभाग की ओर से चम्पावत एवं लोहाघाट में विभिन्न खेल प्रशिक्षण शिविरों के संचालन के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। ये शिविर 23 मई 2026 से शुरू होंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के लिए जिला क्रीड़ा विभाग द्वारा अनुबंध के आधार पर प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि चयन समिति की संस्तुति के बाद इन नियुक्तियों को 15 मार्च 2027 तक के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। चयनित प्रशिक्षकों में ऋतिक ढेक को टेबल टेनिस (लोहाघाट), प्रीति कार्की को बैडमिंटन (लोहाघाट), कंचन मेहरा को बैडमिंटन (गोरलचौड़) तथा निखिलेश गहतोड़ी को मुए थाई (गोरलचौड़) प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि शिविरों का संचालन पूरी तरह लक्ष्यमूलक और परिणामोन्मुखी तरीके से किया जाएगा, ताकि जनपद के खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।
प्रशिक्षण शिविरों के लिए सख्त नियम और शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों की सुबह एवं शाम दोनों सत्रों में शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही प्रत्येक त्रैमास में शिविरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। यदि प्रशिक्षण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई या खिलाड़ियों की संख्या निर्धारित मानक से कम रही, तो नियमानुसार संबंधित शिविर बंद कर प्रशिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।।

