धर्मांतरण और अवैध गतिविधियों पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए कड़ी निगरानी के निर्देश
धर्मांतरण और अवैध गतिविधियों पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए कड़ी निगरानी के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में शांति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को धर्मांतरण, अवैध नशा, अतिक्रमण, अवैध धार्मिक संरचनाओं तथा अन्य अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि धर्मांतरण कराने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्मांतरण करने वाले अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोग एससी/एसटी वर्ग हेतु संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे। उन्होंने ऐसे लोगों को चिन्हित कर जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द, अपराध नियंत्रण तथा संवेदनशील विषयों पर प्रभावी निगरानी को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने महिला सुरक्षा, पॉक्सो प्रकरण, चोरी, गृहभेदन, अवैध नशे, अवैध इंजेक्शन एवं मिलावटी दवाइयों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक विवादों और विभिन्न संगठनों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि औद्योगिक संस्थान सरकार द्वारा निर्धारित वेतन का भुगतान कर रहे हैं या नहीं।।

