ऊधमसिंहनगर पुलिस की धर्मांतरण मामलों पर सख्त कार्रवाई, तीन प्रकरण दर्ज; निष्पक्ष जांच हेतु एसआईटी गठित
ऊधमसिंहनगर पुलिस की धर्मांतरण मामलों पर सख्त कार्रवाई, तीन प्रकरण दर्ज; निष्पक्ष जांच हेतु एसआईटी गठित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मामलों पर पूरी गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति लालच, भय, दबाव अथवा झूठे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी हाल ही में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धर्मांतरण से जुड़े तीन मामले प्रकाश में आए हैं।
पहले प्रकरण में वादी रामपाल ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जय सिंह राणा, द्रोपती राणा एवं पास्टर सुनील जार्ज द्वारा प्रार्थना सभाओं के माध्यम से हिंदू धर्म के विरुद्ध दुष्प्रचार करते हुए बीमारी ठीक करने का झांसा तथा आर्थिक सहायता का लालच देकर उनके परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। इस संबंध में कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
दूसरे प्रकरण में वादी सोहन सिंह ने थाना नानकमत्ता में शिकायत दर्ज कराई कि गौरी सिंह एवं उसके अन्य साथियों द्वारा गांव में चर्चनुमा ढांचा बनाकर मसीह धर्म का प्रचार किया जा रहा है। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपये का प्रलोभन देकर परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। इस मामले में उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीसरे प्रकरण में वादी अंकित सिंह राणा ने आरोप लगाया कि पास्टर दान सिंह राणा द्वारा थारू समाज के लोगों को गुमराह करते हुए हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाने तथा सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के नाम पर झूठे प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। इस मामले में भी कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी अजय गणपति ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। एसआईटी का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी करेंगे, जबकि टीम में संबंधित विवेचक, थाना प्रभारी एवं एसओजी की सर्विलांस टीम को शामिल किया गया है।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भय, दबाव, धोखाधड़ी अथवा लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

