सामंजस्य 2026’ में CWC और KGCCI के बीच रणनीतिक लॉजिस्टिक्स साझेदारी पर सहमति
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित ‘सामंजस्य 2026’ कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) और कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KGCCI) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। “लॉजिस्टिक्स ड्राइविंग प्रोग्रेस” थीम पर आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय उद्योगों को मजबूत करने और आधुनिक वेयरहाउसिंग सुविधाओं को स्थानीय औद्योगिक जरूरतों से जोड़ने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का नेतृत्व केजीसीसीआई निदेशक पवन अग्रवाल ने किया। वहीं CWC की ओर से ग्रुप जनरल मैनेजर (कॉमर्शियल) बी. निर्मल, रीजनल मैनेजर (दिल्ली एवं उत्तराखंड) पवन कुमार तथा एचओडी न्यू बिजनेस मनीष बीआर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन मैनेजमेंट के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी। इस साझेदारी के माध्यम से CWC के व्यापक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और KGCCI के औद्योगिक अनुभव को जोड़कर रुद्रपुर और सितारगंज क्षेत्र के उद्योगों के लिए सप्लाई चेन को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों ने कहा कि ‘सामंजस्य’ का उद्देश्य बेहतर तालमेल और समन्वय के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने इस बैठक को क्षेत्रीय सप्लाई चेन के आधुनिकीकरण की दिशा में अहम कदम बताते हुए कहा कि इससे रुद्रपुर और सितारगंज राष्ट्रीय औद्योगिक परिदृश्य में और अधिक मजबूत पहचान बना सकेंगे।।

